प्रदेश सरकार का पंचायत सहायकों को बड़ा तोहफा,अब 6 हजार नहीं, 9 हजार प्रतिमाह मिलेगा मानदेय

जालौन के 549 पंचायत सहायकों के लिए मानदेय में 50% बढ़ोतरी की गई है। अब उन्हें ₹6,000 के बजाय ₹9,000 प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। संशोधित मानदेय सितंबर 2026 से लागू होगा, जिससे प्रत्येक पंचायत सहायक को सालाना ₹36,000 अतिरिक्त मिलेंगे। जिलाधिकारी समीर ने पात्र पंचायत सहायकों को समय से बढ़े हुए मानदेय का लाभ दिलाने के निर्देश दिए हैं।

प्रदेश सरकार का पंचायत सहायकों को बड़ा तोहफा,अब 6 हजार नहीं, 9 हजार प्रतिमाह मिलेगा मानदेय

पंचायत सहायकों को सरकार का बड़ा तोहफा: मानदेय में 50% बढ़ोतरी, अब ₹6 हजार नहीं मिलेंगे ₹9 हजार हर महीने

उरई । ग्राम पंचायतों में शासन की योजनाओं और जनसुविधाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे पंचायत सहायकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। शासन द्वारा पंचायत सहायकों के मानदेय में 50 प्रतिशत की वृद्धि किए जाने के बाद जनपद जालौन में कार्यरत 549 पंचायत सहायकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। अब पंचायत सहायकों को 6,000 के स्थान पर 9,000 प्रतिमाह मानदेय प्राप्त होगा। संशोधित मानदेय व्यवस्था सितंबर 2026 से प्रभावी होगी। शासनादेश के क्रम में जिलाधिकारी समीर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनपद में कार्यरत पात्र पंचायत सहायकों को संशोधित व्यवस्था के अनुसार मानदेय का लाभ उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई समय से पूर्ण की जाए। उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप पंचायत स्तर पर सेवाओं के सुचारु संचालन तथा ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। पंचायत सहायक ग्राम पंचायतों में विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित कार्यों, अभिलेखों के रख-रखाव तथा ग्रामीणों को आवश्यक जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रहे हैं। मानदेय में यह वृद्धि उनके कार्य के प्रति प्रोत्साहन बढ़ाने के साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर सरकारी सेवाओं की पहुंच और प्रभावशीलता को और मजबूत करेगी। 3,000 प्रतिमाह की बढ़ोतरी के साथ प्रत्येक पंचायत सहायक को अब पहले की तुलना में सालाना 36,000 अधिक मानदेय मिलेगा। जनपद के 549 पंचायत सहायकों को इसका लाभ मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत इस महत्वपूर्ण मानव संसाधन को आर्थिक संबल भी प्राप्त होगा।