कैलाश विजयवर्गीय के ‘चीनी खूब महंगी हो जाए’ बयान पर गरमाई सियासत, जीतू पटवारी बोले- भाजपा कर रही आम आदमी का मजाक

BJPके नेता और मंत्री शक्कर पर महंगाई के सवाल पर अजीब-अजीब तर्क और बेतुके बयान दे रहे हैं। भाजपा के कद्दावर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय दो कदम आगे निकल गए। सवाल पूछा गया तो बोले, शक्कर खाता कौन है? मैं तो नहीं खाता, ये भी नहीं खाते...मैं तो कहता हूं खूब महंगी हो जाए! वे डॉक्टरी ज्ञान भी बांटने लगे। इधर एक अन्य सवाल के जवाब में अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप को लेकर बोले, वे तो फूफा हैं।

कैलाश विजयवर्गीय के ‘चीनी खूब महंगी हो जाए’ बयान पर गरमाई सियासत, जीतू पटवारी बोले- भाजपा कर रही आम आदमी का मजाक

कैलाश विजयवर्गीय ने चीनी महंगी होने पर किया उपहास।

बाद में बोले- चीनी के दाम जल्द और कम हो जाएंगे।

जीतू पटवारी ने बयान को आम जनता का अपमान कहा।

इंदौर। देशभर में चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर जहां आम उपभोक्ता परेशान हैं, वहीं मध्य प्रदेश में इसे लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय के एक बयान ने राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है। इंदौर में एक कार्यक्रम के दौरान चीनी के बढ़ते दामों को लेकर सवाल पूछे जाने पर विजयवर्गीय ने कहा, “मैं तो कहता हूं कि चीनी खूब महंगी हो जाए। अच्छा है।” उनके इस बयान पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।

विजयवर्गीय बोले- ज्यादातर लोग नहीं खाते चीनी

चीनी की कीमतों से जुड़े सवाल पर कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि आज ज्यादातर लोग चीनी खाने से परहेज करते हैं। उन्होंने दावा किया कि करीब 90 प्रतिशत लोग अब चीनी नहीं खाते। मंत्री के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। महंगाई के दौर में मंत्री की टिप्पणी को लेकर विपक्ष ने सवाल उठाए हैं।

70 से घटकर 60 रुपये किलो होने का दावा

विजयवर्गीय ने चीनी के मौजूदा दामों का जिक्र करते हुए कहा कि दो दिन पहले चीनी 70 रुपये किलो थी, जबकि अब इसकी कीमत घटकर करीब 60 रुपये किलो हो गई है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में चीनी के दाम और कम होंगे। हालांकि, उनके “चीनी खूब महंगी हो जाए” वाले बयान को लेकर राजनीतिक विवाद ज्यादा तेज हो गया।

जीतू पटवारी ने बताया आम जनता का अपमान

मंत्री के बयान पर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। पटवारी ने कहा कि भाजपा नेताओं के ऐसे बयान महंगाई से परेशान आम जनता का मजाक उड़ाने और उसका अपमान करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर आम परिवार बढ़ती कीमतों के बीच रसोई का बजट संभालने की कोशिश कर रहा है, वहीं दूसरी ओर सरकार के जिम्मेदार मंत्री चीनी महंगी होने की बात कर रहे हैं।

पटवारी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि एक समय भाजपा नेता 13 रुपये किलो चीनी उपलब्ध कराने की बात करते थे, लेकिन अब महंगाई को लेकर अलग-अलग तरह के बयान सामने आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई से परेशान लोगों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है।

2028 में जनता जवाब देगी- पटवारी

जीतू पटवारी ने दावा किया कि महंगाई और आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर जनता भाजपा के रवैये को देख रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता वर्ष 2028 में भाजपा नेताओं को उनके कथित अपमान का जवाब देगी। फिलहाल चीनी की कीमतों को लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की टिप्पणी ने मध्य प्रदेश की सियासत में नई बहस छेड़ दी है और कांग्रेस इसे आम जनता से जुड़ा मुद्दा बनाकर सरकार को घेर रही है।