नरोत्तम मिश्रा के घर पहुंचे कैबिनेट मंत्री एंदलसिंह कंसाना, बंद कमरे में हुई मुलाकात से MP में फिर तेज हुई सियासी हलचल

दतिया उपचुनाव की राजनीतिक सरगर्मियां भले ही अब समाप्त हो चुकी हों, लेकिन चुनाव परिणाम के बाद भी प्रदेश की राजनीति में हलचल बनी हुई है। इसी बीच पूर्व गृहमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा तथा मध्यप्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एंदल सिंह कंसाना की मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया

नरोत्तम मिश्रा के घर पहुंचे कैबिनेट मंत्री एंदलसिंह कंसाना, बंद कमरे में हुई मुलाकात से MP में फिर तेज हुई सियासी हलचल

राजनीतिक सरगर्मी तेज, नरोत्तम मिश्रा से मिले कैबिनेट मंत्री एंदलसिंह कंसाना

भोपाल। मध्यप्रदेश में दतिया विधानसभा उपचुनाव के बाद बीजेपी के भीतर राजनीतिक हलचल के बीच पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा से कैबिनेट मंत्री एंदलसिंह कंसाना ने मुलाकात की। कंसाना, नरोत्तम मिश्रा के भोपाल स्थित आवास पहुंचे और दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में अकेले में बातचीत हुई। मुलाकात के बाद सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया।

हालांकि, नरोत्तम मिश्रा ने इस मुलाकात को महज सौजन्य भेंट बताया। उन्होंने कहा कि एंदलसिंह कंसाना उनके मित्र हैं और दोनों के बीच विभिन्न समसामयिक विषयों पर सामान्य बातचीत हुई।

दतिया उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की हार के बाद से ही पार्टी में मंथन का दौर जारी है। चुनाव परिणामों को लेकर पार्टी स्तर पर हार के कारणों की पड़ताल के लिए जांच समिति भी बनाई गई है। इसी बीच बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं की दिल्ली में पार्टी आलाकमान से मुलाकात ने भी राजनीतिक चर्चाओं को हवा दी।

पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा भी लगातार सुर्खियों में हैं। दतिया में टिकट कटने के बाद उपचुनाव के परिणाम और हाल ही में अपनी पूर्व विधानसभा में हुए उनके स्वागत को लेकर उनकी सक्रियता चर्चा में रही है। वे पार्टी नेताओं, परिचितों और समर्थकों से लगातार मुलाकात कर रहे हैं।

इसी राजनीतिक माहौल के बीच एंदलसिंह कंसाना का नरोत्तम मिश्रा के घर पहुंचना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि दोनों नेताओं ने मुलाकात को सामान्य और सौजन्य भेंट ही बताया है।

नरोत्तम मिश्रा ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि वरिष्ठ बीजेपी नेता और मध्यप्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री एंदलसिंह कंसाना उनके भोपाल स्थित निवास पर सौजन्य भेंट के लिए पहुंचे। इस दौरान दोनों के बीच विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

फिलहाल इस मुलाकात को लेकर दोनों नेताओं की ओर से किसी राजनीतिक रणनीति या भविष्य की भूमिका को लेकर कोई संकेत नहीं दिया गया है, लेकिन दतिया उपचुनाव के बाद प्रदेश बीजेपी में चल रही चर्चाओं के बीच इस मुलाकात ने सियासी अटकलों को जरूर तेज कर दिया है।